

पूर्वी दिल्ली, जागरण संवाददाता : कांवड़ियों की सुविधा के लिए यमुनापार में अनेक कांवड़ शिविर रविवार से शुरू हो गए। विधि विधान के साथ विद्वान पंडितों ने इन शिविरों का शुभारंभ कराया। इसके साथ ही यमुनापार में कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दस दिन चलने वाले कांवड़ शिविरों में इस साल 15 से लेकर 20 लाख कांवड़ियों के पहुंचने का अनुमान है।
तीर्थ विकास समिति के अध्यक्ष उदय कौशिक ने यमुनापार के कई प्रमुख कांवड़ शिविरों के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया। उधर वक्फ बोर्ड के चेयरमैन व सीलमपुर क्षेत्र से विधायक चौ.मतीन अहमद ने सीलमपुर जीटी रोड लाला मुरलीधर पार्क कांवड़ शिविर, मौजपुर लाल बत्ताी चौक व विजय पार्क के कांवड़ शिविरों में आयोजित पूजापाठ में भाग लिया तथा विश्व कल्याण के लिए भगवान शंकर से प्रार्थना की। यमुना विहार टी-प्वाइंट कांवड़ शिविर का रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ उद्घाटन कर दिया गया। उद्घाटन समारोह में संचालक रतन लाल गर्ग, किशन कुमार गर्ग व वी.पी.शुक्ला ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हुए। उन्होंने बताया कि कैंप की सभी सुविधाएं पूरी हो चुकी हैं। सीलमपुर लाला मुरलीधर कांवड़ शिविर में ताराचंद पटवारी, मदन मित्ताल, कैलाश जैन, ओ. पी. मित्ताल आदि ने पूजा पाठ संपन्न कराया। यूपी बार्डर कांवड़ शिविर के संचालक कैलाश चंद्र गोयल व रामनिवास गोयल, अनिल गुप्ता व कुलदीप चक्कू आदि ने भी विधि विधान के साथ शिविर का शुभारंभ कराया।