
पश्चिमी दिल्ली, जागरण संवाददाता : जय मां दुर्गा, जय मां शक्ति के उद्घोष के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हुआ। भव्य पंडाल में सुशोभित सुंदर मूर्तियों व ढोल की थाप पर भक्त जमकर झूमे। पश्चिमी बाहरी दिल्ली में दुर्गा पूजा के पहले दिन धूम रही। रोहिणी, पीतमपुरा, शालीमारबाग, पश्चिम विहार, जनकपुरी, विकासपुरी व पालम में दुर्गा पूजा समितियों द्वारा देवी के विभिन्न स्वरूपों की पूजा अर्चना की गई।
रोहिणी मातृ मंदिर समिति द्वारा रोहिणी सेक्टर-16 के पॉकेट ई में भव्य दुर्गा पूजा पंडाल में विधि विधान से मां दुर्गा की पूजा की गई। इधर बिहारी एकता कल्याण मंच द्वारा रोहिणी सेक्टर- आठ स्थित हनुमान मंदिर पार्क में षष्ठी पूजा, गज पूजा व बिल्वा निमंत्रण के साथ मां शक्ति की अराधना की गई। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शालीमारबाग में भी भक्तिभाव के साथ दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरूआत हुई। वहीं जनकपुरी, विकासपुरी, पश्चिम विहार में भी दुर्गा पूजा की धूम रही। जनकपुरी में दुर्गा पूजा पंडाल में देवी दुर्गा द्वारा महिषासुर मर्दन व काली मां की मूर्ति की स्थापना की गई। सर्व कल्याण सेवा संस्था द्वारा पालम के दादा देव मंदिर स्थित मेला ग्राउंड में भी दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाई गई। मिहिर झा ने बताया कि षष्टी तिथी को कात्यायनी स्वरुप मां की पूजा की गई।
मंदिरों में भी रही धूम
नवरात्र के छठे दिन मां के कात्यायनी स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। पश्चिमी बाहरी दिल्ली के विभिन्न मंदिरों में मां की आरती, भजन व कीर्तन किए गए। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। रोहिणी सेक्टर तीन स्थित प्राचीन महाकाली मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन किए। शालीमारबाग स्थित श्रीराम मंदिर, रोहिणी सेक्टर-15 स्थित नीलकंठ महादेव में भक्ति भाव से देवी की पूजा की गई। मंगोलपुरी स्थित काली माता मंदिर व सुलतानपुरी स्थित सनातन धर्म मंदिर में भारी संख्या में भक्तों ने मां के दर्शन किए।