
नई दिल्ली, स्टेट ब्यूरो : सत्ता में आने के बाद दिल्ली के विकास के लिए गुजरात मॉडल अपनाया जाएगा। दिल्ली को खुशहाल व स्वच्छ शहर बनाना भाजपा की प्राथमिकता होगी। साथ ही दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और दिल्ली पुलिस को राज्य सरकार के तहत लाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। ये बातें रविवार को प्रेस वार्ता में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित भाजपा प्रत्याशी प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने कहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनाव घोषणापत्र 15 अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा। चुनाव की तिथि घोषित होते ही पार्टी उसे जारी भी कर देगी।
केंद्र व प्रदेश, दोनों जगह कांग्रेस की ही सरकार होने के बावजूद दिल्ली को अब तक पूर्ण राज्य का दर्जा न मिलने के लिए उन्होंने शीला सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्ता में आने के बाद उनकी पार्टी बदले की राजनीति नहीं करेगी, लेकिन भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी नेता और अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दिल्ली में बिजली के निजीकरण, जल बोर्ड में हुए 12.5 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच सीबीआई से कराने का आश्वासन भी दिया।
प्रो. मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में सीवर समस्या जटिल हो गई है। इसे कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी से लेकर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी माना है, लेकिन इस दिशा में धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार में आते ही सीवर समस्या दूर करेंगे। राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी की धीमी गति पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली में बम विस्फोट हो रहे है, यह यहां के लोगों की सुरक्षा के लिए खतरनाक है। संप्रग सरकार दिल्लीवासियों की चिंता करने के बजाय इंडिया मुजाहिदीन और सिमी के आतंकियों की चिंता अधिक कर रही है। उन्होंने दिल्ली को अपराधों की राजधानी करार दिया। टीवी पत्रकार सौम्या विश्वनाथन की हत्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान की निंदा की और उसे महिलाओं के लिए अपमानजनक कहा। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि सौम्या को रात में अकेले घर लौटने का दुस्साहस नहीं करना चाहिए था।