
नई दिल्ली, जासं : मेट्रो रेल की विकास-यात्रा से अब आप म्यूजियम में भी रू-ब-रू हो सकेंगे। ये संग्रहालय पटेल चौक मेट्रो रेलवे स्टेशन के नजदीक बनाया जाएगा और यहां दिल्ली मेट्रो रेल के इतिहास, मौजूदा स्थिति और योजनाओं की पूरी जानकारी मिलेगी। इन्हें 'नक्शे' के जरिए दिखाया जाएगा।
म्यूजियम में 1995 से अब तक मेट्रो रेल के निर्माण की तमाम जानकारियां दर्शाई जाएंगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 2021 तक क्रियान्वित की जाने वाली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की योजनाओं की चर्चा भी की जाएगी। संग्रहालय का मुख्य आकर्षण बनेगा मेट्रो रेल के ट्रैक का मॉडल। निर्माण के दौरान विभिन्न स्थानों से एकत्रित की गई तरह-तरह की मिट्टी के नमूने और मेट्रो में इस्तेमाल किए गए टूल्स भी म्यूजियम में रखे जाएंगे। अत्याधुनिक सिग्नल, संचार एवं बेतार प्रणाली के उपकरणों म्यूजियम में रखे जाएंगे और इनके बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। लोग 'टच स्क्रीन' मशीन के के जरिए सचित्र जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। मेट्रो ट्रैक निर्माण में इस्तेमाल की जाने वाली टनल बोरिंग मशीन, रेलवे लाइन तथा कंकरीट भी म्यूजियम में डिस्प्ले की जाएगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अनुज दयाल कहते हैं कि मेट्रो रेल म्यूजियम बनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को दिल्ली मेट्रो रेल के बारे में अधिक से अधिक जानकारी उपलब्ध कराना है। 10800 वर्ग मीटर में बनाया जाने वाला मेट्रो रेल म्यूजियम नवंबर अंत तक तैयार हो जाएगा। मेट्रो के प्रतीक चिन्ह लोगों तक पहुंचाने के लिए म्यूजियम में विशिष्ट व्यवस्था होगी। इसके तहत लोगों को पैन व की रिंग उपलब्ध हो सकेंगे।