

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : दिल्ली में 13 सितंबर 2008 को हुए सीरियल ब्लास्ट मामले में वांछित एक आरोपी मोहम्मद हाकिम को तीसहजारी कोर्ट ने दस दिन के रिमांड पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दिया है। उसे 15 जनवरी को अदालत में पेश किया जाएगा।
महत्वपूर्ण है कि करोलबाग व ग्रेटर कैलाश मामले में दायर आरोपपत्र में मोहम्मद हाकिम वांछित था और उस पर दिल्ली पुलिस आयुक्त ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इंजीनियरिंग के छात्र हाकिम को दो जनवरी को लखनऊ से यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। उसे संबंधित अदालत में पेश करने के बाद स्पेशल सेल दो दिन के ट्रांजिट रिमंाड पर दिल्ली लाई थी।
हाकिम को सोमवार को तीस हजारी कोर्ट स्थित ड्यूटी महानगर दंडाधिकारी गौरव रॉव की अदालत में करीब चार बजे पेश किया गया। स्पेशल सेल ने बताया कि इस आरोपी का नाम इस मामले में गिरफ्तार अन्य आरोपियों से की गई पूछताछ में सामने आया था। स्पेशल सेल ने अभियुक्त के दस दिन के रिमांड की मांग करते हुए बताया कि अभी इस मामले में बारह आरोपी वांछित है। इस आरोपी से पूछताछ में आरिश, सैदाब बेग व अशद उल्ला आदि का नाम सामने आया है। उनकी गिरफ्तारी भी करनी है। आरोपी ने ब्लास्ट की साजिश रचने वालों का साथ दिया था। सेल ने अदालत से कहा कि आरोपी ने ब्लास्ट में प्रयोग किए जाने वाले छर्रे लखनऊ से खरीदे थे। आरोपी से उस दुकान की पहचान करवानी है और इसके मोबाइल का पता लगाना है।
स्पेशल सेल ने दलील दी कि आरोपी को आजमगढ़, लखनऊ व मुंबई ले जाना है। जहां उसके अन्य दोस्तों का पता लगाना और उनसे पूछताछ करनी है, इसलिए आरोपी को रिमांड पर भेज दिया जाए। वहीं बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि आरोपी हकीम को सिर्फ संदेह के आधार पर पकड़ा गया है। उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी हकीम को दस दिन के रिमांड पर भेज दिया।
ज्ञात हो कि हाकिम आजमगढ़ के रहमत नगर का रहने वाला है। वह लखनऊ स्थित इंजीनियरिंग कालेज में अंतिम वर्ष का छात्र है। उस पर आरोप है कि उसने बम प्लांट करने वाले व योजना बनाने वालों की मदद की थी। उसके खिलाफ मुंबई में आर्म्स एक्ट के एक मामले सहित अन्य कई मामले हैं।
पेश मामले में 13 सितंबर को दिल्ली में सीरियल ब्लास्ट को अंजाम दिया गया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 19 सितंबर को जामिया नगर इलाके में हुई मुठभेड़ में राजधानी सहित कई स्थानों पर धमाकों को अंजाम देने वाले इंडियन मुजाहिदीन के दो आतंकियों को मार गिराया था और एक आरोपी मोहम्मद सैफ को गिरफ्तार कर लिया था।