
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो : विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के नेतृत्व में सोमवार को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई जिसमें सर्वसम्मति से दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा मकानों के आवंटन में घोटाले, यमुना से मिलने वाले जल समझौते पर पुनर्निर्माण एवं ब्लूलाइन बसों से होने वाले हादसों के संबंध में प्रस्ताव पारित किए गए।
प्रो. मल्होत्रा ने कहा कि डीडीए द्वारा मकानों के आवंटन में व्यापक पैमाने पर घोटाला किया गया है। दिल्लीवासी झुग्गी-झोपड़ी प्लॉट घोटाले में अशोक मल्होत्रा कांड एवं को-ऑपरेटिव सोसायटी में हुए घोटाले को भूल भी नहीं पाए हैं कि उन पर डीडीए ने एक और घोटाला लाद दिया है। यह घोटाला चंद दलालों के साथ मिलकर किया गया। विधानसभा चुनाव से पूर्व फार्मो की जांच कराए बिना ही दबाव में आकर डीडीए ने आनन-फानन में मकानों का ड्रॉ निकाल दिया गया जिसके लिए सरकार भी दोषी है। सभी असफल उम्मीदवारों की अग्रिम राशि ब्याज सहित वापस की जाए। भाजपा विधायक दल डीडीए के इस मकान आवंटन घोटाले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि लोगों को यमुना के जल का उचित हिस्सा एवं शुद्ध जल मिले, इसके लिए वर्षं 1994 में जो ऐतिहासिक समझौता हुआ था, उसे लागू किया जाए। यदि समझौते में पुनर्विचार होता है तो सरकार को दिल्ली की जनसंख्या को मद्देनजर अपना हिस्सा मांगना चाहिए। ज्ञात हो कि 1994 में तत्कालीन जल संसाधन मंत्री दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तार प्रदेश की सरकारों के बीच पानी को लेकर समझौता हुआ था। प्रो. मल्होत्रा ने कहा कि ब्लूलाइन बसें रोज लोगों की जीवन लील रही है। सरकार इस विषय को गंभीरता से न लेकर केवल उस पर कोरी राजनीति कर रही है। ब्लूलाइन बसों को कांग्रेस का वरदहस्त प्राप्त है। इन बसों से हो रही मौतों के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है।