
कुरुक्षेत्र, जासंकें : अक्षय ऊर्जा विभाग की तरफ से बुधवार को जिमखाना क्लब में जिला स्तरीय ऊर्जा संरक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला उपायुक्त पंकज अग्रवाल मुख्य अतिथि थे। संगोष्ठी में गैर परम्परागत ऊर्जा स्त्रोतों का उपयोग करके ऊर्जा की बचत पर जोर दिया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि लोग संवेदनशील बनकर अपनी जीवन शैली में ऊर्जा बचत की आदतों का विकास करे तथा ऊर्जा की बचत के लिए बच्चों को भी इसी रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करें। उन्होने कहा कि आज दिनों दिन बिजली की खपत बढ़ती जा रही है। इसका एकमात्र विकल्प अक्षय ऊर्जा स्त्रोतों का उपयोग करके ऊर्जा का संरक्षण करना है। उन्होंने बताया कि यदि परम्परागत बल्बों की जगह सीएफएल का उपयोग करे तो बिजली की 80 प्रतिशत तक बचत करने में मदद मिलेगी। सरकार ने सभी सरकारी भवनों में सीएफएल का उपयोग वैधानिक रूप से जरूरी कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने अपने कार्यालयों में बिजली का उपयोग किफायत से करे।