
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाद केंद्र : ब्रह्मसरोवर पर जारी कार सेवा में बुधवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सेवा समिति ने सफाई अभियान का जिम्मा संभाला। पंडित प्रेम कुमार शर्मा ने कहा कि धर्मनगरी में भारत में सबसे ज्यादा तीर्थ व मंदिर है। इन तीर्थो व मंदिरों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बनता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मंदिरों व तीर्थो से ही महाभारत के ऐतिहासिक युद्ध की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है। नरकातारी स्थित भीष्म कुंड में से भीष्म के बारे में जानकारी प्राप्त होती। इसके अलावा गीता स्थली ज्योतिसर से भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गीता उपदेश के बारे में महत्वपूर्ण तथ्य प्राप्त होते हैं। केडीबी के मुख्य कार्यकारी संजीव वर्मा ने बताया कि ब्रह्मसरोवर को स्वच्छ रखने के लिए पर्यटक पूरा सहयोग कर रहे है। इस मौके पर दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सेवा समिति के पीठाध्यक्ष विजय शर्मा, प्रवीण धींगरा, बनवारी लाल, श्याम सुंदर मुंजाल, डा. अशोक अरोड़ा, विनोद धीमान, भारती व गुजरात से आए श्रद्धालु सोमनाथ, अतिरिक्त सेशन जज यूएम भट्ट, खरैती लाल सिंगला, चंद्रवल्लभ शर्मा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु ने पूरी श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया।