
फतेहाबाद, जागरण संवाददाता
जिले के गांव ढाणी सालमखेड़ा में डबल मर्डर हो गया है। इस कारण जिले की शांति को ग्रहण लग गया है। इस गांव के एक बाप व बेटी की निर्मम हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर लिए है। इस हत्याकांड के पीछे अवैध संबंध माने जा रहे है। हालांकि पुलिस अभी मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार गांव ढाणी सालमखेड़ा निवासी 35-40 वर्षीय हनुमान सिंह व उनकी 8 वर्षीय बेटी रतना दो दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। पुलिस को आज सूचना मिली कि गांव ढाणी सालमखेड़ा के पास नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की कनपटी पर तेजधारदार हथियार से हमला किया गया था और करीब 10 इंच गहरा घाव बना हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उधर हनुमान की 8 वर्षीय बेटी रतना का शव चौपटा के पास नहर में चौपटा पुलिस को मिल गया है। पुलिस ने चौपटा में ही शव का पोस्टमार्टम करवाया है। रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण गला दबाने से हुई है। दोनों शवों को देर शाम गांव ढाणी सालमखेड़ा में लाया गया, जहां गमगीन माहौल में बाप-बेटी का दाह संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार अभी यह ब्लाइंड मर्डर है, लेकिन जल्द ही हत्यारों का सुराग लगा लिया जाएगा। क्योंकि इस मामले में हत्या का कारण अवैध संबंध होने की आशंका ज्यादा है। डीएसपी मुख्यालय सत्यवीर श्योरान के अनुसार हत्या का कारण अवैध संबंध होने का पता चला है और आरोपी आस-पड़ोस में ही रह रहे है। हालांकि अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है पर जल्द ही इसका खुलासा हो जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।