

गुड़गांव, जागरण संवाद केंद्र : दिल्ली
गुड़गांव एक्सप्रेस वे पर राजनगर के सामने सड़क पार कर रही एक मां बेटी को टैंकर ने कुचल डाला। टायरों के नीचे आने से मां-बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद मां बेटी के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के मुताबिक शिकोहपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सीमा अपनी सात साल की बेटी को डाक्टर को दिखाने राजनगर आई थी। बीमार बेटी की दवा लेने के बाद घर वापसी के लिए करीब दोपहर साढे़ बारह बजे सीमा बेटी का हाथ पकड़ कर एक्सप्रेस वे पार करने लगी तभी जयपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गई। टैंकर के नीचे फंस कर करीब पचास मीटर तक घिसटने की वजह से सीमा व उसकी बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टैंकर ड्राइवर मौके की नजाकत भांप कर टैंकर भगा ले गया। घटना स्थल पर पहुंचे सिटी थाना इंचार्ज देवेन्द्र सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।