

गुड़गांव, जागरण संवाद केंद्र : भाजपा व इनेलो के गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं पर रविवार को इनेलो सुप्रीमों ओम प्रकाश चौटाला ने विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा व इनेलो के बीच चुनावी गठबंधन हो चुका है। उनकी पार्टी आगामी चुनाव भाजपा के साथ मिलकर ही लड़ेगी। श्री चौटाला ने यह भी कहा कि गठबंधन की औपचारिक रूप से घोषणा भाजपा अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी ही करेंगे। इनेलो सुप्रीमो रविवार को गुड़गांव में संपन्न हुई इनेलो पार्टी की स्टेट कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गठबंधन का आधार एक सुत्रीय होगा। पार्टी का उद्देश्य सिर्फ कांग्रेस को सत्ता विहीन करना रहेगा। समझौते का प्रारूप तथा सीटों को लेकर बंटवारे की स्थिति क्या होगी इस सवाल पर उन्होंने कहा यह अभी नहीं बता सकते पर अगर जरूरत पड़ी तो कांग्रेस को हटाने के लिए पार्टी कुर्बानी देने को तैयार है। प्रदेश के भाजपा नेताओं व इनेलो नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि अब वह दौर खत्म हो चुका है। जो भी खटास थी वह मिठास में बदल गई। हमें अतीत में न झांक कर भविष्य को देखना है। गुडगांव में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के प्रधान महासचिव अजय चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, शेरसिंह बडशामी, संपत सिंह, गोपीचंद गहलोत सहित कई पार्टी के वरिष्ठ नेता व जिला कार्यकारिणी के सदस्य शामिल हुए।