
सोनीपत, जागरण संवाद केंद्र : शहर की प्रतिष्ठित शंभू दयाल ट्रस्ट के प्रधान आनंद प्रकाश शर्मा की रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे रेलवे कालोनी के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने परिजन की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आनंद के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।
शंभू दयाल ट्रस्ट के प्रधान आनंद प्रकाश शर्मा प्रतिदिन शंभू दयाल मंदिर जाते थे। रविवार को भी वह शाम करीब छह बजे माडल टाउन स्थित अपने घर से मंदिर गए थे। करीब साढ़े सात बजे जब वह स्कूटी से लौट रहे थे तो रेलवे कालोनी की सड़क पर आरपीएफ इंस्पेक्टर के क्वार्टर के सामने किसी व्यक्ति ने उन्हे गोली मार दी। गोली उनके दायें जांघ में जा लगी और वह सड़क किनारे गिर पड़े। इसके करीब 15 मिनट के बाद किसी व्यक्ति ने उनके भांजे सचिन शर्मा को फोन कर सूचना दी कि आनंद प्रकाश शर्मा बुरी तरह घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े है। सचिन उन्हे निजी अस्पताल लाया। चिकित्सकों ने इसे एक्सीडेट का मामला बताते हुए उन्हे मृत घोषित कर दिया। इसी बीच सूचना मिलते ही अन्य परिजन भी उनके घर पहुंच गए और शव को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी। थाना सिटी प्रभारी इंस्पेक्टर छोटूराम व थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिविल ने छानबीन की। मौके का मुआयना करने के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक 312 बोर पिस्टल से चली गोली का खोल बरामद हुआ तथा आनंद शर्मा के नकली दांत के टुकड़े भी मिले है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि उनका गढ़ी ब्राह्मणान की छह एकड़ भूमि को लेकर किसी से विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी को लेकर उनकी हत्या की गई होगी।