
डबवाली, संवाद सहयोगी
महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय तथा भगवान श्रीकृष्ण कालेज ऑफ एजुकेशन के गैर शिक्षक स्टाफ ने आज छठे वेतन आयोग की तर्ज पर वेतन देने की माग को लेकर धरना दिया। इस दौरान धरने पर बैठे कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर हरियाणा सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी भी की।
गौरतलब है कि महाविद्यालय गैर शिक्षक संघ यूनियन के तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन के आह्वान पर महाराणा प्रताप महिला महाविद्यालय तथा भगवान श्री कृष्ण कालेज ऑफ एजुकेशन के गैर शिक्षक स्टाफ ने गत दिवस मंगलवार को धरने पर बैठ गए थे। आज दूसरे दिन भी इन लोगों ने अपना धरने के कार्यक्रम को जारी रखते हुए प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की।
इस अवसर पर गैर शिक्षक स्टाफ यूनियन डबवाली के अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने अपने सम्बोधन में प्रदेश सरकार पर महाविद्यालयों में कार्यरत गैर शिक्षक स्टाफ से सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगा कर कहा कि धरने के तीसरे दिन के कार्यक्रम में पूरे प्रदेश के महाविद्यालयों के गैर शिक्षक कर्मचारी अपनी माग को लेकर रोहतक में धरना प्रदर्शन करेगे। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित मागों का एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाऐगा। आज के धरने में बनवारी लाल, सुभाष चन्द्र, पवन कुमार सिंगला, फूल चंद, राज रानी, शान्ति देवी, कृष्ण लाल, परमजीत कौर, नौरग लाल, कन्हैया लाल आदि कर्मचारियों ने भाग लिया।