
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाद केंद्र : छठे वेतन आयोग की वेतन विसंगतियों को लेकर बृहस्पतिवार को स्कूल शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश लेकर लघु सचिवालय परिसर में प्रदर्शन कर रोष जताया। हरियाणा शिक्षक संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बृहस्पतिवार को प्रधानाचार्यो, प्राध्यापकों, भाषाध्यापकों, कला अध्यापकों, प्राथमिक शिक्षकों व शारीरिक शिक्षकों ने प्रदर्शन में शामिल हो रोष जताया व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश सरकार द्वारा वेतन विसंगतियां दूर न किए जाने पर बृहस्पतिवार को प्रदेश भर के शिक्षक लघु सचिवालय पर एकत्रित हुए। धरने प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य बलदेव सिंह ने 18 अगस्त 2009 को जारी पत्र को काला पत्र बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। वरिष्ठ अध्यापकों को बंचिग देने, सभी कैडरों की वेतन विसंगतिया दूर करने, एलटीसी का बजट जारी करने, शिशु भत्ता केंद्र की तर्ज पर एक हजार रुपये देने, मुख्याध्यापकों को केंद्र की तर्ज पर उपप्रधानाचार्य का ग्रेड देने, प्राध्यापकों को 6600 रुपये ग्रेड पे देने, मास्टरों व भाषा अध्यापकों को 6000 रुपये ग्रेड पे देने व प्राथमिक शिक्षकों को 5400 रुपये ग्रेड पे देने की मांग की है। इसके अलावा तीन मूल कैडर का पत्र शीघ्र जारी करने, सेमेस्टर प्रणाली समाप्त करने, रिक्त पदों को भरने व अतिथि अध्यापकों को नियमित करने सहित अन्य सभी लंबित पड़ी मांगों को पूरा करने की मांग की है। जब तक शिक्षकों को उनका हक नहीं दिया जाएगा वह अपना संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने बताया कि तालमेल कमेटी के आह्वान पर पांच सितंबर को हजारों की संख्या में शिक्षक क्रमिक अनशन में भाग लेंगे। इस मौके पर सर्व कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपमहासचिव सुरजीत सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष बलजिंद्र सिंह, जिला प्रधान सुखदेव शास्त्री, रजनीश कांबोज, प्राचार्य एसोसिएशन के प्रदेश उपप्रधान अरुण आश्री, हरियाणा राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश प्रधान जसबीर सिंह सैनी, हसला के जिला प्रधान बरखा राम, संस्कृत अध्यापक संघ के जिला प्रधान महावीर शास्त्री, ईश्वर सिंह व प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान विनोद चौहान सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। इससे पूर्व प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने सन्निहित सरोवर पार्क में बैठक की व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी ओर लाडवा खंड के प्राथमिक शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश लेकर खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।