
हिसार, वरिष्ठ संवाददाता
लोकसभा चुनाव की तर्ज पर विधानसभा चुनाव में राशनकार्ड आदि से मतदान नहीं होगा। मतदान के लिए मतदाता को अपना चुनाव पहचान पत्र ही साथ लाना होगा। यह जानकारी उपायुक्त ओपी श्योरान ने मंगलवार को चुनाव से संबंधित हुई बैठक में दी। जिन नए मतदाताओं के पहचान पत्र नहीं मिले है, उन्हे विभाग द्वारा शीघ्र उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नुमाइंदे मौजूद थे। उपायुक्त ने बताया कि विधानसभा के आम चुनाव के दौरान मतदाताओं की सहूलियत के लिए जिला के 34 बूथों पर मतदाताओं की संख्या 1600 से अधिक हो जाने के कारण इनमें सहायक बूथ बनाएं जाएंगे। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ओपी श्योरान ने आज स्थानीय लघु सचिवालय स्थित प्रशासनिक सभागार के बैठक कक्ष में आयोजित हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2009 के सन्दर्भ में सभी राजनैतिक दलों के जिला प्रधान व सचिवों की बैठक को सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की स्पलीमेंट नंबर दो सभी राजनैतिक दलों को 10 सितम्बर को दे दी जाएगी। इस सूची में किसी भी प्रकार की कमी की सूचना वे अपने सम्बन्धित विधानसभा निर्वाचन अधिकारी को तुरन्त दें, जिससे इसे समय रहते दुरुस्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी राजनैतिक दलों एवं उम्मीदवारों से कहा कि वे अपने-अपने बूथ स्तरीय एजेंट शीघ्र नियुक्त कर लें। चुनाव विभाग द्वारा मतदान केन्द्र के सन्दर्भ में सुझाव भारत चुनाव आयोग को 9 सितम्बर को सायं तक भेज दी जाएगा। इसलिए सभी राजनैतिक दलों को बुधवार दोपहर एक बजे तक सुझाव देने के लिए कहा गया है। उन्होंने वोटिंग मशीनों के बारे जानकारी देते हुए कहा कि ये मशीनें उत्कृष्ट गुणवत्ता की है, जिनमें किसी भी प्रकार की छेड़खानी की सम्भावना नहीं हैं। कोई भी व्यक्ति जिले में उपलब्ध 2900 ईवीएम मशीनों में से किसी भी मशीन की जाच प्रशासनिक सभागार की बैठक कक्ष में कर सकता है। उपायुक्त ने कहा कि विभाग द्वारा प्रत्येक बूथ पर 6 ईवीएम मशीनें भेजी जाएंगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज चौधरी, उप मण्डलाधीश नागरिक हिसार अमरदीप जैन, उप मण्डलाधीश नागरिक हासी मनोज श्योरान, नगराधीश डीपी सिंह सहित जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारी तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।