
अंबाला शहर, जागरण संवाददाता
हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एडहाक के जिला प्रधान हाकम सिंह केसरी की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें शहर क्षेत्र से शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार चरणजीत कौर को टिकट देने पर सिखों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शिअद की प्रत्याशी चरणजीत कौर डेरा सच्चा सौदा सिरसा की अनुयायी हैं और उनके आवास पर हर रोज सत्संग भी होता रहता है। अकाली दल बादल ने ऐसे प्रत्याशी को टिकट देकर सिखों के साथ धोखा किया है।
जिला प्रधान केसरी ने कहा कि क्या अकाली दल को शहर क्षेत्र में कोई भी सिख उम्मीदवार नहीं मिला। उनका कहना था कि जब भी पांच साल बाद चुनाव होते है तो बादल को हरियाणा के सिखों की याद आती है।
युवा जिला प्रधान सुखविंद्र सिंह ने कहा कि अकाली दल बादल का यह कृत्य बेहद निंदनीय है, क्योंकि अब सिख कौम जाग गया है। वह किसी भी तरह से बादल के बहकावे में आने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि बादल को यह बताना होगा कि उन्होंने हरियाणा के सिखों के लिए क्या काम किया है। इस मौके पर बलविंद्र सिंह केसरी, धर्म सिंह, हरनेक सिंह, अमर सिंह, भाग सिंह, प्रकाश सिंह, बलदेव सिंह, किरणजीत सिंह व हरभजन सिंह मुख्य तौर से मौजूद थे।