
गुड़गांव, जासंकें : बिहार के मुख्यमंत्री व केंद्र में रेल मंत्री रहे राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस व भाजपा पर एक साथ वार किया। उन्होंने महंगाई के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया जबकि भाजपा पर देश को तोड़ने का आरोप लगाया। साथ ही ऐलान किया कि वे जल्द ही महंगाई के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चलाएंगे।
राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव शनिवार शाम गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी रामफल यादव के समर्थन में गौशाला मैदान में आयोजित जनसभा में उपस्थित भारी जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक वे रेल मंत्री रहे तब तक महंगाई पर काफी लगाम रहा लेकिन उनके हटते ही महंगाई बेलगाम हो गई है। इसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश को तोड़नेवाली शक्ति है। महाराष्ट्र के लिए जारी घोषणापत्र में भाजपा व शिवसेना ने यह दर्शा दिया कि दोनों देश को बांटना चाहते हैं। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि गुड़गांव की हालत दयनीय है। नाम बहुत हो गया कि लेकिन न पानी है और न बिजली।
जनसभा को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद प्रेमचंद गुप्ता, गुड़गांव से पार्टी प्रत्याशी रामफल यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।