
पानीपत, जागरण संवाद केंद्र : गीता विद्या मंदिर स्कूल हादसे में घायल अभिषेक अरोड़ा को जयपुर गोल्डन अस्पताल दिल्ली से छुट्टी मिल गई है। हादसे में घायल राहुल गांधी का इलाज चल रहा है। ज्ञात हो कि दस अक्टूबर की सुबह स्कूल की दीवार गिरने से सात बच्चे हादसे में घायल हो गए थे। घायल सात बच्चों में से दो को आहूजा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे गई थी।
स्कूल हादसे में घायल अभिषेक के पिता नरेश अरोड़ा ने बताया कि डॉक्टरों ने उनके बेटे को अस्पताल से छुट्टी दे दी है। अस्पताल के डाक्टरों ने एक हफ्ते के बाद फिर उन्हे चेकअप के लिए बुलाया है। उधर स्कूल हादसे में घायल राहुल के पिता अनिल गांधी ने बताया कि उनके बेटे को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बीते 15 अक्टूबर को राहुल का सीटी स्कैन किया गया था। मंगलवार को फिर उनके बेटे का जयपुर गोल्डन अस्पताल में सीटी स्कैन किया जाएगा। सीटी स्कैन के बाद ही राहुल की स्थिति देखकर डॉक्टर अस्पताल से छुट्टी देने का फैसला लेंगे। मालूम हो कि स्कूल हादसे में गंभीर रूप से घायल राहुल व अभिषेक को इलाज के लिए जयपुर गोल्डन अस्पताल दिल्ली भेजा गया था।