

फरीदाबाद, जागरण संवाद केंद्र : गायत्री परिवार के तत्वावधान में नेहरू ग्राउंड लायंस क्लब में चल रहे पुस्तक मेले में दो दिनों में 70 हजार रुपये की छह हजार से अधिक पुस्तकों की बिक्री हुई। पुस्तकों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। गायत्री परिवार ने सोमवार को पुस्तक मेले में मूक-बधिरबच्चों को उपयोगी पुस्तकें बांटी। पुस्तक मेले में कई स्कूलों के बच्चे व अध्यापक भी मौजूद थे। डबुआ कालोनी स्थित एसोसिएशन फार द वेलफेयर आफ हैंडीकैप्ड से जुड़े बच्चों को गायत्री परिवार के पदाधिकारियों ने मुफ्त पुस्तकें भेंट कीं। इस मौके पर केंद्रीय भूमि जल बोर्ड के चेयरमैन बीएम झा, एस्कॉर्ट्स लिमिटेड कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसीडेंट आरके चिलाना, हिंद मजदूर सभा के अध्यक्ष एसडी त्यागी व भारतीय साहित्यकार संघ के अध्यक्ष डा.वेद व्यथित बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। पुस्तक मेले के संयोजक एके श्रीवास्तव, अशोक कुमार व किरण चावला ने अतिथियों का स्वागत किया। एके श्रीवास्तव ने कहा कि तेज रफ्तार के दौर में पुस्तकें दोस्त की भूमिका निभा सकती हैं। पुस्तक मेले का समापन 16 नवंबर को होगा।
विशिष्ट अतिथि आरके चिलाना ने पुस्तक मेले के आयोजन के लिए गायत्री परिवार को बधाई दी। इस मेले में मूक-बधिर विद्यालय के बच्चों के साथ उनकी प्रधानाध्यपिका हिमानी अरोड़ा, मंद बुद्धि विद्यालय की प्रधानाचार्य मधु चुघ, अध्यापिका मुक्ति अरोड़ा, हेमा, वीनू, राजेंद्र व मीनू भी मौजूद थीं।