

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता : रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच रावल इंटरनेशनल स्कूल, नंगला के प्रांगण में बृहस्पतिवार को जिलास्तरीय खो-खो प्रतियोगिता व अंतर स्कूल रावलियंस चैंपियनशिप का शुभारंभ डीसीपी शशांक आनंद ने किया। प्रतियोगिता में दैनिक जागरण मीडिया पार्टनर है। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व टेस्ट क्रिकेटर चेतन शर्मा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। अतिथियों ने विभिन्न स्कूलों से आई टीमों का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। चेतन के साथ रावल शिक्षण संस्थान के चेयरमैन सीबी रावल, वाइस चेयरमैन अनिल रावल ने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्य अतिथि शशांक आनंद ने कहा कि खेलों से तन-मन और मस्तिष्क सब स्वास्थ्य रहते है। आज भारत के खिलाड़ी विश्व में छाए हुए है, इससे खेल जगत में क्रांति आई है। वहीं चेतन शर्मा ने कहा कि आज भारत की बेटियां अपनी प्रतिभा की बदौलत देश का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने सानिया मिर्जा व बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि आज बेटियों के प्रति समाज की सोच बदल रही है।
इस अवसर पर सीबी रावल ने प्रतियोगी टीमों से खेल भावना के अनुरूप प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और भरपूर प्रतिभा दिखाने का आह्वान किया। शुरुआती मैचों में धर्मानंद पब्लिक स्कूल ने बंसी विद्या निकेतन को, बीएमएल पब्लिक स्कूल, अनंगपुर ने गोल्ड फील्ड स्कूल, छांयसा को व एल्पाइन वैली स्कूल ने डायनेस्टी स्कूल को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।