
बिलासपुर
जिला अस्पताल बिलासपुर के शवगृह में सुविधाओं का अभाव है। अस्पताल परिसर में बने शवगृह में साठ के दशक से लेकर अब तक कोई बदलाव नहीं आया है।
जिले में पोस्टमार्टम के लिए शव बिलासपुर अस्पताल लाए जाते हैं। घुमारवीं सिविल अस्पताल में शवगृह है लेकिन ज्यादातर चिकित्सक की कमी के कारण शवों को बिलासपुर लाया जाता है। जिला अस्पताल का शवगृह वातानुकूलित नहीं है। इससे विशेषकर गर्मियों के मौसम में लोगों को काफी दिक्कत होती है। शवगृह अस्पताल परिसर में होने के कारण लोगों को बदबू का सामना करना पड़ता है। इससे उनका जीना मुहाल हो गया है। अस्पताल के मुख्य वार्ड, कैंटीन तथा जिला टीबी अस्पताल शवगृह से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित है। इस कारण शवगृह के आसपास चहलपहल रहती है। गौरतलब है कि वर्ष 2001 में मानवाधिकार आयोग के दल ने मंडी जिले में शवगृहों का मुआयना किया था। आयोग ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सालयों के शवगृहों को वातानुकूलित बनाने के आदेश दिए थे लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। बिलासपुर जिला अस्पताल के शवगृह में दो कमरे हैं। छोटा कमरा चिकित्सक के लिए है तथा बड़े कमरे में शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है। शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए केवल एक ही टेबल है। चिकित्सक के कमरे की बदहाली को देखकर व्यवस्था का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। शवगृह में पानी की व्यवस्था भी माकूल नहीं है। गर्मियों के दौरान शवों की दुर्गध रोकने तथा बॉडी के बचाव के लिए बर्फ का प्रयोग किया जाता है। बर्फ से निकलने वाला पानी भी वातावरण को दूषित करता है। हाल ही में नयना देवी हादसे के दौरान यदि पोस्टमार्टम के लिए शवों को बिलासपुर लाया जाता तो व्यवस्था की पोल खुलने में देर नहीं लगती। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-21 व 88 पर बढ़े यातायात, एसीसी सीमेंट कारखाना, अंबुजा सीमेंट कारखाना व चंडीगढ़-मनाली रोड़ पर अत्यधिक व्यस्तता होने के कारण सड़क हादसों के सभी मामले बिलासपुर आते हैं। कई बार सड़क हादसों में मारे जाने वाले विदेशियों के शव यहां सात दिन तक पड़े रहते हैं। जिला अस्पताल में हर वर्ष औसतन 200 शवों का पोस्टमार्टम किया जाता है।
बाक्स
वातानुकूलित करने का प्रावधान नहीं : सीएमओ
सीएमओ डा. बीडी शर्मा ने बताया कि शवगृह को वातानुकूलित बनाए जाने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम से संबधित सभी जरूरी उपकरण शवगृह में मौजूद हैं और अन्य समस्याओं को शीघ्र दूर कर दिया जाएगा।