
हमारे प्रतिनिधि, शिमला : आय से अधिक संपत्तिरखने के आरोप में विजिलेंस के गिरफ्त में आए आईएएस अफसर सुभाष आहलुवालिया से विजिलेंस की टीम ने शनिवार को आईजीएमसी में ही एक घंटे तक पूछताछ की। हालांकि विजिलेंस की टीम ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि पूछताछ के दौरान आहलुवालिया ने क्या कहा। बताते है कि आहलुवालिया ने संतोषजनक जवाब दिए। विजिलेंस को टीम कल भी पूछताछ करेगी। दूसरी ओर आहलुवालिया की हालत में सुधार नहीं हुआ है। शनिवार को भी विजिलेंस की टीम ने आहलुवालिया से आईजीएमसी में ही पूछताछ की। चिकित्सकों के अनुसार आहलुवालिया का शुगर कंट्रोल में नहीं है और साथ ही रक्तचाप में उतार-चढ़ाव जारी है।
उल्लेखनीय है कि विजिलेंस की टीम ने आय से अधिक संपत्तिरखने के मामले में आईएएस अधिकारी सुभाष आहलुवालिया को पंचकूला स्थित उनके फ्लैट से गिरफ्तार किया था। पांच दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद विजिलेंस की टीम पिछले दो दिनों से अस्पताल में ही आहलुवालिया से पूछताछ कर रही है। विजिलेंस के सूत्रों का कहना है कि इस मामले में अभी और पूछताछ की जरूरत है और रविवार को फिर से आहलुवालिया से पूछताछ के लिए समय मांगा जाएगा। उसके बाद 13 तारीख को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आय से अधिक संपत्तिमामले में विजिलेंस के शिकंजे में आए सुभाष आहलुवालिया की पत्नी मीरा वालिया ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी। मीडिया के समक्ष सफाई पेश करते हुए कहा कि उनकी आय में जिस विसंगति की बात कही जा रही है वह बिल्कुल गलत है और आधारहीन है। उन्होंने आहलुवालिया की गिरफ्तारी पर ऐतराज जताया और कहा कि वह जांच में विजिलेंस टीम को वह शुरू से ही सहयोग देते आए है। विजिलेंस की टीम के 13 बार लिखित प्रश्नों के जवाब दे चुके है। व्यक्तिगत तौर पर भी पूछताछ के लिए पेश हुए है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को उनके पति की तबीयत खराब होने के कारण मेडिकल भेजा गया था। उसके बाद विजिलेंस की टीम ने न तो पूछताछ के लिए बुलाया और न ही बैंक खातों व संपत्तिके बारे में ब्योरा मांगा, लेकिन 8 अक्टूबर को विजिलेंस की टीम ने अचानक दस्तक दी और आहलुवालिया को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि जब वह पूरी तरह विजिलेंस की टीम को सहयोग करते आए है तो इसमें गिरफ्तार करने वाली बात सोची समझी चाल लगती है। उन्होंने कहा कि उन्हे न्यायालय पर भरोसा है और उन्हे अदालत से जरूर न्याय मिलेगा।