
वरिष्ठ संवाददाता, शिमला : सुहागिनों के पर्व करवाचौथ के उपलक्ष्य में प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने विशेष पैकेज देने का फैसला किया है। यह पैकेज चार दिनों के लिए निगम के सभी होटलों में 16 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक दिया जाएगा। पैकेज के अंतर्गत निगम के होटलों में जो भी दंपति तीन रातों के लिए ठहरेगा उन्हे एक रात मुफ्त में ठहरने की सुविधा दी जाएगी।
निगम के अधिकारिक सूत्रों के हवाले से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस दौरान निगम के होटलों में ठहरने वालों की सुविधा के लिए करवाचौथ की सामग्री मुफ्त में उपलब्ध करवाई जाएगी, वहीं शिमला स्थित गुफा आशियाना परिसर में मेंहदी व चूड़ियों की बिक्री की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
इसी तरह फेनी, दूध, गुलाब जामुन, मठ्ठी व बनास कमपलीमेंटरी के आधार पर व पूजा थाली, अरग, करवा विद राइस, उड़द दाल, द्रुव, फूल व कूंगू मुफ्त में दिए जाएंगे। जबकि ड्राई फ्रूट व सुहागी संबंधित होटल में ही पेमेंट के आधार पर उपलब्ध होंगे। इस विशेष पैकेज में निगम के होटलों में ठहरने वाले दंपतियों को करवाचौथ के दिन रात का खाना निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। इसी तरह 16 अक्टूबर को डिनर के 312 रुपये, 18 अक्टूबर को दिन के खाने के 790 रुपये व 19 अक्टूबर को ब्रेकफास्ट के 114 रुपये वैट सहित वसूल किए जाएंगे।