
पांगी : घाटी में ताजा हिमपात से पारे में पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। यहां पिछले 24 घंटे में आधा फुट से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है। अधिक ऊंचाई वाले एक दर्जन ग्रामीण इलाके बर्फ की सफेद चादर ओढ़ चुके हैं, जबकि निचले इलाके किलाड़ में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।
बर्फबारी के अलावा वीरवार को दिन भर बारिश का दौर चलता रहा। इसके चलते लोग घरों में ही दुबके रहे। घाटी के चस्क, भटौरी, सुराल, छुड़ान, पेंगा व परमार समेत ऊंचाई वाले लगभग एक दर्जन गांवों में बर्फ गिरी है। बर्फबारी व लगातार हो रही बारिश से घाटी के लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। किसानों की राजमाह व गेहूं की तैयार फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है।
गौर हो कि समूची घाटी में राजमाह व गेहूं का उत्पादन होता है। ऐसे में बारिश से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। कई क्षेत्रों में भूस्खलन से भी यातायात की समस्या पेश आई। इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अचानक हुई बर्फबारी के बाद क्षेत्र के लोगों को अब पशुचारे की किल्लत की भी आशंका पैदा हो गई है।