
शिमला : भाजपा की तर्ज पर अब शिरोमणि अकाली दल (बादल) में भी अनुभवी युवा नेतृत्व को आगे लाने की कवायद चल पड़ी है। दल की ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर की सभी कमेटियों में अनुभवी युवा चेहरों को आगे लाया जाएगा। यह पहल सिरे चढ़ी तो कई युवाओं को मौका मिल सकता है। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने स्वयं ये संकेत शुक्रवार को यहां होटल पीटरहॉफ में शुारू हुए दो दिवसीय शिरोमणि अकाली दल के पंजाब विचार सम्मेलन में दिया है। सम्मेलन में शुक्रवार को दो अलग सत्र हुए जिनमें पहला पंजाब में अकाली सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित रहा जबकि दूसरे सत्र में राजनीति परिदृश्य पर गहन मंथन किया गया। इसमें तय किया गया कि संगठन को ग्रास रूट तक मजबूत किया जाएगा व सरकार की ढाई साल की उपलब्धियों को लेकर पूरे प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शिरोमणि अकाली दल ने यह महत्वपूर्ण फैसला लेकर भाजपा की बीते सिंतबर माह में इसी स्थल पर संपन्न हुई बैठक के नक्श-ए-कदम पर चलना शुरू कर दिया है। वर्णनीय है कि भाजपा की चिंतन बैठक में भी यह निर्णय लिया गया था कि जहां भी भाजपा व भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं वह अपनी उपलब्धियों को लेकर प्रदेश में तो जागरूकता मुहिम छेड़ेगी ही साथ ही पड़ोसी राज्यों में जाकर भी इसका प्रचार प्रसार करेंगी। आयोजकों द्वारा हालांकि इसे मनोवैज्ञानिक व शांत माहौल में मंथन करना बताया जा रहा है। सम्मेलन में पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में हार व जीत के कारणों की भी समीक्षा की। वर्णनीय है कि अकाली दल ने आज से ढाई साल पहले चायल में ही ऐसा सम्मेलन आयोजित कर सत्ता प्राप्त की थी।
इनसेट
हरियाणा में सीटों पर फैसला नहीं : सुखबीर
हरियाणा में हो रहे विधान सभा चुनावों में शिरोमणि अकाली दल ने अभी चुनावों को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने पत्रकारों को बताया कि इस बारे पार्टी ने अभी निर्णय लेना है। दल कितनी सीटों पर चुनावों लड़ेगा यह भी आने वाले दिनों में निर्णय ले लिया जाएगा।