
रामबन, जागरण संवाद केंद्र : बनिहाल इलाके में सुरक्षाबलों व आतंकियों के बीच शनिवार रात को हुई मुठभेड़ में एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर ऊधमपुर कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ में दो आतंकियों के भी घायल होने की खबर है, लेकिन अंधेरे का फायदा उठा कर वह भागने में कामयाब रहे। शनिवार रात से इलाके में जारी सर्च आपरेशन रविवार को भी जारी रहा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार सेना को बनिहाल के कावना खड़ी के जंगलों में लश्कर-ए-तोयबा के चार आतंकियों की मौजूदगी की खबर मिली। इस पर 23 आरआर ने टेरिटोरियल आर्मी के साथ मिलकर बनिहाल के कावना खड़ी के जंगलों में सर्च आपरेशन शुरू किया। शनिवार सुबह शुरू हुए इस आपरेशन में दोपहर बारह बजे सुरक्षाबल के जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में 23 आरआर के जवान सूर्या बाबू ने शहादत पाई, जबकि टेरीटोरियल आर्मी के दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल जवानों की पहचान विक्रम कुमार व दानिश कुमार के रूप में हुई है। दोनों घायलों को सेना के हेलीकाप्टर से एयरलिफ्ट कर ऊधमपुर कमांड अस्पताल लाया गया। शनिवार शाम को अंधेरा होने तक चली मुठभेड़ में दो आतंकियों के भी घायल होने की बात कही जा रही है। लेकिन अंधेरे का फायदा उठा कर उनके साथ उनको भगा ले जाने में कामयाब रहे। सुरक्षाबलों ने शनिवार शाम से ही पूरे इलाके में सर्च आपरेशन छेड़ रखा था, जो रविवार को भी जारी था। समाचार लिखे जाने तक आतंकियों का पता नहीं चल सका था।