
कठुआ, जागरण संवाददाता : जिले में राष्ट्रीय अवार्ड हासिल करने वाले अध्यापकों की संख्या चार हो गई है। शनिवार को शिक्षक दिवस पर दिल्ली में आयोजित समारोह में कठुआ जिला के दो अध्यापकों को एक साथ देश की राष्ट्रपति के हाथों इनाम मिलने से जिले का गौरव बढ़ा है। यह पहला मौका था जब कठुआ जिले के एक साथ दो अध्यापकों को राष्ट्रीय अवार्ड मिला। इससे पहले जिले के दो अन्य अध्यापक भी राष्ट्रीय अवार्ड हासिल कर जिले का गौरव बढ़ा चुके है। सबसे पहले संतोष खजूरिया को डा.शंकर दयाल शर्मा ने शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया था। उस समय संतोष खजूरिया जिला की पहली राष्ट्रीय अवार्ड हासिल करने वाली अध्यापिका थी। उनके बाद पथवाल के पगड़ी वाले अध्यापक राज कुमार शर्मा को राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया था। दोनों के बाद अब एक साथ कठुआ निवासी व बुद्धि हायर सेकेंडरी स्कूल की लेक्चरार विजया ठाकुर व हीरानगर के गांव हरिपुर पाटिल निवासी व बंदोर सरकारी मिडिल स्कूल में तैनात नरेश शर्मा को राष्ट्रीय अवार्ड मिलने का गौरव प्राप्त हुआ। अहम बात यह है कि राष्ट्रीय अवार्ड हासिल करने वाले चार अध्यापकों में तीन हीरानगर तहसील के हैं।