
पुंछ, जागरण संवाद केंद्र : पुंछ के चकना दा बाग में ईद के मौके पर पाकिस्तान व भारतीय सेना के जवानों ने एक-दूसरे को मिठाईयां बांटी। इस अवसर पर पाक सेना के मेजर रैंक के एक अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत भी की। पाक सेना के अधिकारी मेजर सहद ने पत्रकारों को बताया कि वे लोग गुलाम कश्मीर में चल रहे आतंकवादी प्रशिक्षण शिविरों को बंद करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पर जो गोलीबारी होती है, वह सेना नहीं आतंकवादी करते हैं। जब मेजर से पूछा गया कि पाक सेना इन आतंकवादियों को सीमा के करीब पहुंचने क्यों देती है तो मेजर ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। वहीं, इस अवसर पर भारतीय सेना के मेजर सुधीर के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि रविवार रात को पाक सेना ने मेंढर तहसील में भारतीय सेना की सात चौकियों को अपना निशाना बनाया था। उसके अगले दिन यानि सोमवार को पाक सेना के अधिकारी फिर से दोस्ती का ड्रामा करके भारतीय सेना को मिठाइयां भेंट करने के लिए सीमा पर पहुंच गए।