
श्रीनगर, जागरण ब्यूरो : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने रविवार को औपचारिक तौर पर अपने सेल्फ रूल के एजेंडे पर लोगों को जागरूक करने के लिए पुलवामा में स्थानीय बुद्धिजीवियों व गणमान्य नागरिकों के एक सम्मेलन का आयोजन कर जनजागरण अभियान शुरू किया।
गौरतलब है कि पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने पिछले दिनों कहा था कि वह पूरी रियासत में जगह-जगह जनसभाओं और गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को सेल्फ रूल के बारे में समझाएगी। आज दक्षिण कश्मीर के पुलवामा कस्बे से अपने इस अभियान के शुरुआती सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए महबूबा ने शांति का प्रतीक सफेद कबूतरों के एक जोड़े को खुले आसमान में छोड़ा।
इस सम्मेलन में पीडीपी संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद, मुजफ्फर हुसैन बेग, निजामदीन भट्ट, मोहम्मद खलील बंड समेत पीडीपी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस अवसर पर पीडीपी नेताओं ने एक सुर में सेल्फ रूल की वकालत करते हुए कहा कि यह न सिर्फ कश्मीर विवाद का सर्वमान्य हल निकालने का एक व्यावहारिक हल है बल्कि कश्मीरी अवाम को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक तौर पर मजबूत बनाते हुए किसी भी तरह से भारत-पाकिस्तान के क्षेत्रीय हितों के खिलाफ नहीं है। सिर्फ यही नहीं, पीडीपी नेताओं ने इस मौके पर रियासत से सुरक्षाबलों की वापसी के साथ-साथ सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम हटाए जाने के राग को भी चिरपरिचित अंदाज में फिर से अलापा।