
श्रीनगर, जागरण ब्यूरो
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिछले बीस वर्षो के दौरान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में जिस तरह बलिदान और कर्त्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है, वह अद्वितीय है। आतंकियों से लोहा लेते शहीद हुए पुलिसकर्मियों की परिजनों का ध्यान रखना हम सभी का नैतिक कर्त्तव्य है।
राज्य की प्रथम महिला ऊषा वोहरा ने रविवार को एक दिवसीय पुलिस-पब्लिक मेले के उद्घाटन के बाद पत्रकार वार्ता में यह बात कही। इस मौके पर राज्य पुलिस महानिदेशक कुलदीप खुड्डा और उनकी धर्मपत्नी व जम्मू-कश्मीर पुलिस वाइव्ज वेलफेयर एसोसिएशन की प्रमुख इंदु खुड्डा समेत राज्य पुलिस व नागरिक प्रशासन के आलाधिकारी भी मौजूद थे।
राज्यपाल एनएन वोहरा की धर्मपत्नी ऊषा वोहरा ने कहा कि यह मेला न सिर्फ पुलिस और आम जनता को नजदीक लाने का एक सशक्त माध्यम है बल्कि पुलिसकर्मियों के परिजनों के कल्याण की विभिन्न योजनाओं के लिए भी अहम है। इस मेले के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जा रही है, वह वाकई सराहनीय है।
इस मेले में जेकेपीडब्ल्यूडब्ल्यूए के तहत काम करने वाली शहीद पुलिसकर्मियों की पत्नियों को ही नहीं बल्कि राज्य के विभिन्न कारीगरों और उत्पादकों को भी अपना सामान बेचने का अच्छा मौका मिलता है।