
जम्मू, जागरण ब्यूरो : राज्यपाल एनएन वोहरा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटियों व एक्सटेंशन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है ताकि कृषि उत्पादन को बढ़ाने में मदद मिल सके। शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी आफ एग्रीकल्चरल, साइंस एंड टेक्नोलाजी कश्मीर की 18वीं काउंसिल की बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटियों में होने वाली रिसर्च का फायदा आम किसानों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने पैदावार बढ़ाने के लिए आधुनिक उपकरण, बीज व अन्य जरूरतों को पूरा किए जाने पर जोर देते हुए कहा कि सिलसिलेवार तरीके से कैलेंडर बनाया जाना चाहिए ताकि किसानों को यह पता चल सके कि कौन से फसल कब उगानी है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि रिसर्च का फायदा हर हाल में किसानों तक पहुंचना चाहिए। यूनिवर्सिटियोंको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को फसलों की पर्याप्त जानकारियां मिल सके।
कृषि मंत्री गुलाम हसन मीर ने कहा कि यूनिवर्सिटियों व एक्सटेंशन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से ही किसानों को लाभ मिल सकता है। यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. अनवर आलम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों बारे जानकारी दी।