
जम्मू, जागरण ब्यूरो : पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत सेना ने बाबा अमरनाथ के आधार शिविर बालटाल से पवित्र गुफा तक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान जवानों ने यात्रा मार्ग व आसपास के इलाकों से चार टन कूड़ा-कचरा हटाया।
सेव ग्रीन हिमालय अभियान में सोनमर्ग स्थित सेना के हाई अल्टीचूड वारफेयर स्कूल के 247 सैनिकों ने भाग लेकर पवित्र स्थल से ऐसा कूड़ा हटाया जो कभी नष्ट नहीं होता। हर सैनिक यात्रा मार्ग के आसपास से औसतन बीस किलो कचरा हटाकर नीचे लाया और उसका सही निपटारा किया। यह कचरा अगस्त में संपन्न हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान रास्ते में ही पड़ा रह गया था। हालांकि श्राइन बोर्ड ने कचरे के निपटारे के लिए पुख्ता प्रबंध किए थे। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर कचरा रह गया था। पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत बालटाल से पवित्र गुफा तक सफाई करने का विचार हाई अल्टीचूड वारफेयर स्कूल के कमांडेंट ब्रिगेडियर जगमोहन वर्मा के दिमाग की उपज था। ब्रिगेडियर वर्मा भारतीय पर्वतारोहण संघ के उपप्रधान भी हैं। सेना के इस सेव ग्रीन हिमालय अभियान का दूसरा मुख्य मकसद लोगों को प्रेरित करना था कि वह पर्यावरण संरक्षण को गंभीरता से लें।