
जम्मू, जागरण संवाददाता
कश्मीर पुलिस की हिरासत में अपनी जान गवां चुके रजनीश शर्मा के परिजनों ने वीरवार को अपनी आप बीती क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को सुनाई। इस बीच क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने मामले की अहम गवाह रजनीश की पत्नी आंचल शर्मा तथा उसकी माता राज कुमारी के बयान दर्ज किए, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के बयान शुक्रवार को दर्ज किए जाएंगे।
वीरवार सुबह रजनीश का भाई पवन शर्मा, अपनी पत्नी शालू शर्मा, रजनीश की पत्नी आंचल तथा माता राज कुमारी के साथ क्राइम ब्रांच के कार्यालय में पहुंचे। एसएसपी क्राइम ब्रांच जेपी सिंह को आपबीती सुनाने के बाद मामले के इंवेस्टिगेशन अधिकारी आंचल तथा रजनीश की माता राज कुमारी को अपने साथ जांच कक्ष में ले गए और उनके बयानों को दर्ज कर लिया। आंचल ने बयान में बताया कि उसके पिता तथा भाइयों ने कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर रजनीश की हत्या करवाई है। थाने में उसे इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि उसने दम तोड़ दिया। पुलिस कर्मियों ने बाद में उसे थाने में फंदा लगाया। उसने बताया कि दोनों का प्रेम सात वर्ष पुराना था। रजनीश अकसर श्रीनगर में उनके हाउस बोर्ड में आकर रुकता था। दोनों की प्रेम कहानी के बारे में आंचल की माता, दादी, छोटे भाई के अलावा अन्य रिश्तेदारों को भी पता था। दोनों ने स्वेच्छा से कोर्ट में शादी करने के बाद आर्य समाज में विवाह कर लिया था। वह अपनी मर्जी के साथ हिन्दू बनी है, किसी ने भी उसे इसके लिए मजबूर नहीं किया। वहीं, उसकी माता राजकुमारी के बयानों को भी क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने दर्ज किया। रजनीश के भाई पवन शर्मा ने बताया कि वीरवार को आंचल तथा उसकी माता के बयान दर्ज हुए हैं, शुक्रवार को उसके तथा उसकी पत्नी शालू शर्मा को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया है। वहीं, एसएसपी क्राइम ब्रांच जेपी सिंह ने मामले की जांच जारी होने की बात कही। गौरतलब है कि गत बुधवार को रजनीश के परिजनों ने रजनीश की हिरासती मौत की जांच कर रहे मजिस्ट्रेट को अपने बयान दर्ज करवाए थे।