
कठुआ, कार्यालय संवाददाता : जिला में लोन लेकर स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए होने वाला साक्षात्कार अब जिला रोजगार कार्यालय में न होकर पशु पालन विभाग के जिला अधिकारी के कार्यालय में होगा। डिस्ट्रिक्ट इंप्लायमेंट एंड काउंसलिंग सेंटर कठुआ के डिप्टी डायरेक्टर रचना शर्मा ने इस संबंध में शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि लोन देने की प्रक्रिया चलते विभाग की ओर से 4 दिसंबर को आवेदनकर्ताओं का विभाग के जिला कार्यालय में इंटरव्यू लेना था। लेकिन इस समय बेरोजगार युवाओं की पंजीकरण प्रक्रिया के चलते कार्यालय में काफी भीड़ होने के कारण साक्षात्कार स्थल को बदला जा रहा है। उनका कहना है कि आवेदनकर्ताओं को अधिक परेशानी न हो इसके लिए विभाग ने कार्यालय के विपरीत स्थित पशु पालन विभाग के जिला अधिकारी के कार्यालय में इसका प्रबंध किया है। युवाओं के रोजगार की समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह भी कहा है कि इस वर्ष के कोटे के अनुसार यह आखिरी साक्षात्कार होगा। जिसके चलते उनकी युवाओं से अपील है कि वह इस सुविधा का समय रहते लाभ लेने का प्रयास करे।