
राजौरी, वरिष्ठ संवाददाता
पुंछ व राजौरी जिलों की सीमा पर स्थित तुरकंडी व ढंटोत नाले के बीच 497 एफडीएल पोस्ट के पास शनिवार को मुठभेड़ के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। कार्रवाई में एक जवान भी शहीद हो गया जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को देर शाम पाकिस्तानी सेना ने इस क्षेत्र में भारी गोलीबारी कर आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने का प्रयास किया था। मुठभेड़ तभी से जारी थी और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली गई थी।
आतंकियों के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते ही सेना के जवानों ने उन्हें घेर लिया था और रात भर आतंकियों को घेरे रखा। शनिवार को आतंकियों व सेना के जवानों के बीच दो बार गोलीबारी हुई। इस दौरान जवानों ने दो आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। कार्रवाई के दौरान सेना का एक जवान भी शहीद हो गया जबकि दो अन्य जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं। मारे गए आतंकियों के पास से पीका, एके व 12 बोर की रायफलों के अलावा तार काटने वाला एक कटर भी मिला है।
शुक्रवार देर रात भारतीय सेना के जवानों ने आतंकियों को घेर लिया था। शनिवार सुबह भारतीय सेना के जवानों व आतंकियों के बीच एक बार फिर तरकुंडी लगी ढंटोत नाले के पास 497 एफडीएल पोस्ट के पास गोलीबारी शुरू हो गई। दिन में दूसरी बार हुई गोलीबारी के दौरान भारतीय सेना के जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान सेना का एक जवान सुरेश कुमार जाट शहीद हो गया जबकि दो अन्य जवान घायल हो गए।
मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। उनके पास से एक पीका, एक एके और एक 12 बोर की रायफल के अलावा आठ पीका रायफलों की बुलेट, छह एके रायफल की मैगजीनें, एक वायर कटर व एक आईईडी के अलावा कुछ खाने-पीने का सामान व जीवन रक्षक दवाएं भी बरामद हुई हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में अभी चार और आतंकी छिपे हो सकते हैं क्योंकि इस क्षेत्र में करीब छह आतंकियों ने घुसपैठ का प्रयास किया था। इनमें से दो को मौत के घाट उतारा जा चुका है जबकि अन्य की तलाश जारी है।