

जमशेदपुर। लाइन लगाकर केरोसिन तेल पाने को लेकर हुए विवाद के दौरान उलीडीह स्थित मून सिटी की ओर जाने वाली पुलिया के समीप यामहा मोटर सायकिल पर सवार तीन युवकों ने फायरिंग कर दी और फरार हो गये। फायरिंग में कोई हताहत तो नहीं हुआ पर लोगों में दहशत अवश्य कायम हो गया। फायरिंग करने वाले युवकों में एक विक्की गिरी बिजली मिस्त्री का पुत्र बताया जाता हैं। फायरिंग होने की आवाज सुनते ही आसपास के काफी संख्या में लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यामहा आरएक्स 100 पर सवार विक्की व उसके एक दोस्त शंकोसाई निवासी तथा दूसरा संजय पथ के रहने वाले बताये जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि विक्की के कारण पूरी बस्ती के लोग परेशान हैं। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बस्तीवासियों ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे बस्ती के लोग केरोसिन तेल पाने को लेकर लाइन लगाए हुए थे। उस समय रमेश चौरसिया के पुत्र राहूल भी तेल के लिए लाइन में लगा था। बताया जाता है कि डिब्बा लगाने को लेकर विक्की का राहूल से विवाद हो गया। इस पर दोनों में हाथापाई हो गयी। उस दौरान बीच-बचाव कर लोगों ने मामला शांत कर दिया गया। इसके बाद संध्या लगभग साढ़े पांच बजे विक्की गिरी अपने दो दोस्त के साथ आया और लोगों को पिस्तौल दिखाते हुए हवा में फायरिंग कर दी। गोली चलाने की पुष्टि कुछ फलांग दूर पर दूध ले रही महिलाओं ने भी की। स्थानीय लोगों ने बताया कि विक्की के आतंक के खिलाफ कोई मुंह नहीं खोलना चाहता। स्थानीय लोगों ने गोली का खोखा को उलीडीह थाना में ले जाकर जमा कर दिया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही उलीडीह थाना प्रभारी राजेश प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों ने विक्की गिरी के घर का तलाशी ली लेकिन विक्की घर पर नही पाया गया।
मेरे पुत्र को फंसाया जा रहा है : गिरी
वहीं विक्की के पिता अशोक गिरी व उसकी मां ने बताया कि उसके पुत्र को बेवजह फंसाया जा रहा है। पिता अशोक गिरी ने बताया कि वह अपने घर में थे। उस समय उसका पुत्र विक्की घर के छत पर था। उसी समय बाहर में हल्ला हुआ कि कहीं गोली चली है। उन्होंने कहा कि बेवजह उसके पुत्र को फंसाया जा रहा है।