

जमशेदपुर। कदमा थाना अंतर्गत भाटिया पथ स्थित चंडीबाबा मंदिर के समीप स्थित विनय आभूषण दुकान का ताला तोड़ चोर गिरोह ने करीब एक लाख से भी अधिक मूल्य के सोना व चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली। चोरी को अंजाम देने वाले चोर गिरोह ने दुकान में लगे सात तालों को तोड़ डाला। इसके बाद दुकान के भीतर की ग्रिल में लगे ताले को कटर से काट दुकान में प्रवेश कर चोरी को अंजाम दिया गया। चोरी की घटना शुक्रवार की मध्यरात्रि की बतायी जाती हैं। चोरी की सूचना के पश्चात मौके पर पहुंच कदमा थाने की पुलिस ने मामले की जांच की। देर रात तक पुलिस को चोरों को पकड़ने में कोई सफलता हाथ नहीं लगी। सूत्रों के मुताबिक जिस तरीके से चोरी को अंजाम दिया गया उससे अनुमान है कि कम से कम चोरी में एक घंटे से भी अधिक का समय लगा होगा। चोरी मामले में दुकान मालिक बलदेव प्रसाद वर्मा के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया हैं। दुकान मालिक के मुताबिक वे शुक्रवार की रात्रि को दुकान बंद कर अपने आवास गये थे। शनिवार की सुबह उन्हें जानकारी हुई कि दुकान का ताला टूटा हुआ और उसमें रखा सामान गायब है। इससे पूर्व भी हाल में कदमा थाना क्षेत्र में चोरी की तीन-चार बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं।