
सिमडेगा। झारखंड राज्य आदिवासी मूलवासी प्राथमिक शिक्षक संघ जिला इकाई की बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष मथियस कुल्लू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षकों के समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में कहा गया कि प्राथमिक शिक्षकों के प्रोन्नति का मामला लापरवाही के कारण वर्षो से लंबित है तथा व्ययन एवं निकासी पदाधिकारी के अभाव होने के कारण शिक्षकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में कहा गया कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघ का प्रतिनिधिमंडल कई बार जिला शिक्षा अधीक्षक से मिलकर समस्याओं को दूर करने का आग्रह किया, लेकिन उनकी समस्याओं को दूर करने का कोई प्रयास नहीं किया गया। बैठक में कहा गया कि अगर शिक्षकों की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं किया जाता है तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उक्त समस्याओं को लेकर झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ एवं आदिवासी मूलवासी प्राथमिक शिक्षक संघ की संयुक्त बैठक 22 अगस्त को जयप्रकाश उद्यान में आयोजित की जाएगी।