

जमशेदपुर। लगातार दो बार परीक्षा का बहिष्कार कर चुके को-ऑपरेटिव लॉ कालेज के छात्रों का गुस्सा आखिरकार मंगलवार को कालेज प्रशासन पर फूट पड़ा। विवि के रवैये से नाराज छात्रों ने परीक्षा बहिष्कार के नाम पर परीक्षा केन्द्र करीम सिटी में में जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में 6 छात्रों को गंभीर तो आठ हल्की चोटें आई। भारी विरोध के बीच 31 छात्र-छात्राओं ने बहिष्कार को दरकिनार करते हुए परीक्षा में हिस्सा लिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए विवि के पर्यवेक्षक सह विवि शाखा समन्वयक प्रो. एसएस रजी ने बताया कि दो दिनों के परीक्षा बहिष्कार के बाद मंगलवार को हो रही चौथे सेमेस्टर के इन्वायरमेंटल लॉ के पेपर में कुल 120 छात्रों को शामिल होना था। जिसमें से 31 छात्र-छात्राओं ने साहस का परिचय देते हुए परीक्षा दी। खास बात यह रही कि इन परीक्षार्थियों में लड़कियों की संख्या अधिक थी। इससे यह आरोप भी गलत साबित हुआ कि कालेज प्रशासन द्वारा जांच के नाम पर उनके साथ किसी तरह की अभद्रता बरती जा रही है। कालेज में उग्र छात्रों द्वारा किये गये तोड़फोड़ की निंदा करते हुए प्रो. रजी ने कहा कि मंगलवार को हुए पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट रांची विवि को भेज दी गई है। इधर लगातार दी जा रही चेतावनी के बावजूद कालेज को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध न करा पाने की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए एसडीओ गणेश कुमार ने कहा कि घटना के समय कम पुलिस बल उपलब्ध होने की वजह से विधि व्यवस्था को पूरी तरह बनाये रखने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर विवि द्वारा अपनी मांग न माने जाने के विरोध में उग्र छात्रों द्वारा जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कालेज यूनियन के बैनर तले बसंत टाकिज से को-ऑपरेटिव कालेज तक जुलूस निकाल कर विवि प्रशासन के विरोध मे नारे लगाये गये तथा को-ऑपरेटिव लॉ कालेज परिसर पहुंचकर कुलपति, शाखा कार्यालय के समन्वयक व को-ऑपरेटिव कालेज के प्राचार्य का पुतला दहन किया। मंगलवार को घटित पूरे घटना क्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रांची विवि के कुलपति प्रो. एए खान ने कहा कि इस घटना के बाद मामला बेहद संवेदनशील हो गया है लेकिन खुशी की बात यह है कि पढ़ाने वाले छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लेना शुरू कर दिया है। विवि अराजक तत्वों की मांगों के सामने झुकने को तैयार नहीं है। केन्द्र बदलने का तो सवाल ही पैदा नही होता। उन्होंने कहा कि आज की घटना से उन्हें गहरा आघात लगा है। अत: अब वह पूरे मामले पर बार कांउसिल ऑफ इंडिया को को पूरे मामले से अवगत कराया जायेगा। प्रो. खान ने कहा कि अराजकता फैलाने वाले छात्रों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश कालेज प्रशासन को दे दिया गया है।