

जमशेदपुर। जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा अमरनाथ श्राइन बोर्ड को आवंटित जमीन वापस लेने के विरोध में आहूत देशव्यापी जेल भरो आंदोलन के क्रम में गुरुवार 21 अगस्त को भगवा ब्रिगेड के कमांडो उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे और बाद में गिरफ्तारी भी देंगे। मंगलवार को तुलसी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर संघचालक खजांची लाल मित्तल, भारतीय जनता पार्टी प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अधिवक्ता देवेंद्र सिंह, विहिप के महानगर अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रमोद राय व मंत्री सांवरमल शर्मा ने बताया कि 21 को होने वाला प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा और इस दौरान संघ परिवार के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर कर गिरफ्तारी देंगे। श्री अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति जमशेदपुर की ओर से सुमन अग्रवाल ने कहा कि पवित्र अमरनाथ यात्रा को बंद कराने का जो षड़यंत्र चल रहा है, उसे सभी देख और सुन रहे हैं। आश्चर्य की बात यह है कि सैकड़ों साल तक गुलाम बनकर ठोकरे खाने वाले हिंदू आज भी मूकदर्शक बने अपनी धार्मिक भावनाओं को रौंदा जाते देख व सह रहे हैं। उन्होंने जमशेदपुर के हिंदुओं को ललकारते हुए कहा कि यदि उसमें तनिक भी स्वाभिमान बचा हो तो हजारों की तादाद में डीसी आफिस पहुंच प्रशासन को अपनी ताकत का अनुभव करा दें।