

जमशेदपुर। मंगलवार को सिख संगठनों की लंबी फेहरिश्त में एक नाम और जुड़ गया। जमशेदपुर सहित पूर्वी सिंहभूम जिले के नौजवान सिख बुद्धिजीवी व समाजसेवियों ने अपने समुदाय की समस्याओं से लड़ने के लिए सिख शक्ति दल के नाम से गैर राजनीतिक संस्था का गठन किया है। आज बिष्टुपुर स्थित होटल बुलेवर्ड में हुई बैठक के दौरान रविंदर सिंह रिंकू को इसका अध्यक्ष चुना गया। वहीं अवतार सिंह भाटिया को नवगठित संगठन का सलाहकार बनाया गया है। बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष रविंदर सिंह ने कहा कि शीघ्र ही संगठन की पूरी कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बीते दिनों सिखों के कई ऐसे मामले सामने आए, जिन्हें समाज के कुछ स्वयंभू नेताओं ने ले-देकर निपटा दिया। जबकि इनमें से कई मामलों के भुक्तिभोगी आज परेशान हाल घूम रहे हैं। सिख शक्ति दल ऐसे सभी मामलों के भुक्तभोगियों की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगा। अवतार सिंह भाटिया ने संगठन में समुदाय के ज्यादा से ज्यादा लोगों को शामिल किये जाने पर जोर दिया। डा. अवतार सिंह संधू ने बताया कि संगठन अपना पहला महीना 'एक्टिविटी मंथ' के रूप में मनाया गया और इस दौरान सघन सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में जगजीत सिंह सोनू, नरेंदर सिंह अरोड़ा, हरजीत सिंह हीरे के अलावा त्रिलोक सिंह भोला, बलजीत सिंह, प्रहलाद सिंह, इंदर सिंह इंदर, सेवा सिंह, साहब सिंह, दिलबाग सिंह बागी, जसबीर सिंह जस्सी, त्रिलोक सिंह, मि. साबी, निक्के, गोल्डू, सोनू सिंह, सुरजीत सिंह, सरबजीत सिंह, प्रकाश सिंह, प्रदीप सिंह आदि उपस्थित थे।