
खड़गपुर। पुत्रवधु को आत्महत्या के लिये बाध्य करने के आरोप में पुलिस ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर पंचायत समिति की एक माकपा सदस्या को गिरफ्तार किया। चंडीपुर पुलिस ने गिरफ्तार पंचायत समिति सदस्या का नाम आरती मिद्या बताया है। आरती मिद्या मृतका सुमित्रा मिद्या (25) की सास बतायी गयी है। पुलिस द्वारा माकपा नेत्री को अदालत में पेश किये जाने पर अदालत ने उसे 14 दिनों के लिये न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक छह महीने पूर्व थाना क्षेत्र के गौरवचौक की निवासी सुमित्रा मिद्या के साथ सुल्तानपुर निवासी जयदेव की शादी हुई थी। मृतका के पिता प्रबोध माईती ने सुमित्रा की मौत के बाद उसके ससुराल वालों पर उसे शारीरिक एवं मानसिक तौर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुये स्थानीय थाने में प्राथमिकि दर्ज करायी थी। प्रताड़ना से तंग आकर सुमित्रा ने विगत 14 अगस्त को जहर खा ली थी। हालत गंभीर होने पर उसे तमलुक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी।