
जमशेदपुर। गुरुवार की देर रात स्टेशन रोड के होटल मालिक महेश उर्फ बाबा को कुछ आपराधिक प्रवृति के युवकों ने सरेआम जबरन उठा लिया और गोलपहाड़ी रेलवे कालोनी के शिव मंदिर की ओर ले गये। वहां एक कमरे में बंद कर उसकी जमकर पिटाई की, फिर जबरन उससे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा लिया और पांच हजार रुपये रंगदारी के रूप में मांगे। स्टेशन रोड से महेश को उठा ले जाने की सूचना पर अन्य दुकानदार एकजुट हुए और उसकी तलाश प्रारंभ कर दी। खोजबीन होने पर आपराधिक प्रवृति के युवकों ने महेश को रिहा कर दिया। महेश ने इसकी सूचना एसपी नवीन कुमार सिंह को देने की बात कही है। सूत्रों के मुताबिक मारपीट करने वाले युवकों द्वारा अक्सर ऐसी हरकत की जाती है। वहां रेलवे कालोनी में युवकों द्वारा सरेआम जुआ का संचालन किया जाता है, जिसकी सूचना भी एसपी को लोगों ने दी है। महेश गोलपहाड़ी पूजा कमेटी से जुड़ा हुआ है, उसके साथ मारपीट करने वाले दूसरी पूजा कमेटी के सदस्य हैं।