
जमशेदपुर। टाटा स्टील के शताब्दी वर्ष पर तोहफे के रूप में टाटा स्टील के एमडी बी. मुथुरामन ने शुक्रवार को जुस्को के अधिकारियों व जुस्को श्रमिक यूनियन के पदाधिकारियों को चांदी का सिक्का बांटा। श्री मुथुरामन ने आज जुस्को के एमडी संजीव पॉल समेत करीब 20 अधिकारियों को सेंटेनरी क्वाइन भेंट किया, तो यूनियन के सभी नौ पदाधिकारियों को इस तोहफे के साथ शुभकामनाएं दीं। शनिवार को जुस्को के सभी 1178 कर्मचारियों को यह सिक्का एमडी की ओर से दिया जाएगा। ज्ञात हो कि चांदी का सिक्का करीब एक माह से जुस्को कारपोरेट आफिस में रखा हुआ था, लेकिन सभी की इच्छा थी कि इसका उद्घाटन श्री मुथुरामन ही करें। उनकी यह इच्छा आज पूरी हुई। सिक्का पाने वालों में जुस्को श्रमिक यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष वीडी गोपाल कृष्णा, उपाध्यक्ष बीबी ठाकुर व बीके दुबे, महासचिव एसएल दास, सहायक सचिव आरके वाजपेयी, आरके पांडेय व पीएन सिंह, ट्रेजरर एनके दास व मुख्य सलाहकार टीके सेनचौधरी शामिल थे।