
जमशेदपुर। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान के खिलाफ पुरानी बस्ती रोड के बुजुर्ग मोहम्मद मुर्तुजा ने जान से मारने की धमकी देने की एसपी एवं जुगसलाई थाना से शिकायत की है। इस मामले में थानेदार वीरेन्द्र यादव ने कहा कि मामले की छानबीन हो रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी।
पुरानी बस्ती रोड के मोहम्मद मुर्तुजा ने जुगसलाई थानेदार से की गई शिकायत में कहा है कि हिदायतुल्लाह खान के बुलावा पर उनके आवास गया तो कहा गया कि हसीन अख्तर को पुश्तैनी मकान एवं दो कट्ठा जमीन बेचनी होगी। हिदायत ने धमकी दी कि जो कीमत वे तय करेंगे, उतने में ही जमीन देनी होगी। मकान एवं जमीन नहीं बेचने की बात कही तो हिदायत एवं हसीन अख्तर ने लाठी-डंडे से पिटाई की। जमीन पर गिर गया तो कमर में डंडा एवं लात से मारा जिससे कमर में दर्द शुरू हो गई। धमकी दी गई कि जमीन नहीं बेचने पर घर-दुकान में ताला लगा कर परिवार को बर्बाद कर देंगे। शिकायत पत्र में कहा गया कि अगर भविष्य में उस पर हमला होता है तो उसकी जिम्मेदारी हिदायतुल्लाह खान की होगी। इस मसले पर लोजपा नेता हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि मोहम्मद मुर्तुजा ने कोर्ट पेपर पर जमीन देने के लिए हसीन अख्तर के साथ एग्रीमेंट किया है। 20 हजार रुपये मनी रसीद पर ली तो 50 हजार रुपये आपसी समझौते में लिये हैं। हसीन अख्तर उसके पास दौड़ता रहा लेकिन जमीन नहीं दी। तीन माह बाद वकील डीपी दास से हसीन अख्तर से नोटिस करा दी कि तीन माह में राशि नहीं देने के कारण अब जमीन नहीं देगा। यही कारण है कि उसने मोहम्मद मुर्तुजा को बुला कर डांट-फटकार लगाई कि इस तरह जालसाजी नहीं करो। हिदायत ने आशंका जताई कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी से मिल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।