
जमशेदपुर। टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक बी. मुथुरामन ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यो का जायजा लिया। वे सबसे पहले सोनारी बगान एरिया गए और वहां के निवासियों से हालचाल पूछा। इसके अलावा उन्होंने उलियान, अनिल सूर पथ, सारनाथ तालाब, नील सरोवर आदि का निरीक्षण किया, तो इसके बाद मेरिन ड्राइव, जुबिली पार्क होते हुए अपराह्न करीब पांच बजे गोलमुरी पार्क पहुंचे। वहां श्री मुथुरामन ने पार्क का भ्रमण किया और वहां के कर्मचारियों से भी बातचीत की। इसके बाद वे लौटने के क्रम में स्ट्रेट माइल रोड स्थित जुस्को द्वारा स्थापित 'बागीचा' भी गए। इस मौके पर उनके साथ टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कारपोरेट सर्विसेज) पार्थो सेनगुप्ता, जुस्को के एमडी संजीव पॉल, बगान एरिया विकास समिति के अध्यक्ष प्रो. आरएन सिंह, जुस्को हेल्थ सर्विसेज के चीफ कैप्टन धनंजय मिश्रा, जीएम (पीईसी) केएन झा, जीएम (पीएसडी) शरद कुमार, कारपोरेट कम्यूनिकेशन के हेड राजेश राजन समेत जुस्को के कई पदाधिकारी व कर्मचारी थे। इस दौरान बी. मुथुरामन ने जुस्को द्वारा किए विकास कार्यो की सराहना की, तो कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने शहर के बाहर भी जुस्को के कार्यो को संतोषजनक बताया। वहीं जुस्को के एमडी संजीव पॉल ने श्री मुथुरामन को जुस्को की ताजातरीन उपलब्धियों की जानकारी देते हुए नागरिकों के लिए निरंतर बेहतर सुविधाएं देने का संकल्प दोहराया।