
जमशेदपुर। जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी पुनरुत्थान मिशन के तहत जमशेदपुर को मिलेनियम सिटी बनाने की कवायद शुरू हो गयी है। इस क्रम में उपायुक्त रवीन्द्र अग्रवाल ने
शहर के गैरकंपनी क्षेत्रों मसलन मानगो व जमशेदपुर अक्षेस के अलावा जुगसलाई नगरपालिका को मिलाकर बनने वाली मिलेनियम सिटी के प्रारुप पर विचार-विमर्श के लिए 15 अक्टूबर को विशेष बैठक बुलायी गयी है। बैठक में जमशेदपुर, मानगो अक्षेस के अलावा जुगसलाई नगरपालिका के विशेष पदाधिकारी को मौजूद रहने को कहा गया है। इससे पूर्व शुक्रवार को डीसी ने जमशेदपुर, आदित्यपुर व मानगो अक्षेस के अलावा जुगसलाई नगरपालिका के विशेष पदाधिकारी को बुलाकर जरुरी दिशा-निर्देश दिया। इसमें मिलेनियम सिटी के प्रारुप व अन्य योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। समझा जाता है कि 15 को बुलायी गयी बैठक में प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं को तय करने के बाद उनके क्रियान्वयन को लेकर रणनीति बनायी जायेगी। इसके बाद प्रस्ताव को नगर विकास विभाग के पास भेजा जायेगा।