
जमशेदपुर। विधायक सरयू राय ने राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दुलाल भुइयां को चेतावनी दी है कि न्यायालय की अवमानना में वे बुरी तरह फंसेंगे। भुइयांडीह में भूखंड विवाद पर नेता प्रतिपक्ष अर्जुन मुंडा एवं विधायक रघुवर दास से लंबी वार्ता के बाद उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह बड़ा मुद्दा बनेगा। पार्टी के वरीय नेताओं से वार्ता कर इसे न सिर्फ राष्ट्रपति तक ले जायेंगे अपितु संसद के शीतकालीन सत्र में भी यह भी यह मुद्दा उठेगा। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अपनी जमीन को स्व रामचन्द्र सिंह ने किसी बिल्डर को दे अथवा दान कर दे, यह उनका निजी मसला है। उन्होंने कहा कि यदि दुलाल भुइयां को विद्यालय बनाने की इतनी इच्छा थी तो स्व रामचन्द्र सिंह से जमीन खरीद लेते। रामचन्द्र सिंह से वे केस हार चुके हैं। उस जमीन पर दुलाल भुइयां के जाने पर कोर्ट से रोक लगी हुई है। पूर्व में दुलाल भुइयां ने वहां जो निर्माण कराया है, कोर्ट ने अपने खर्च से उसे तोड़ने का उन्हें आदेश दिया है। ऐसा नहीं कर वे वहां नया निर्माण करा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की खिंचाई करते हुए कहा कि भ्रष्ट मंत्री दबाव डालते हैं तो झुकने के बदले रेंगने लगते हैं। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जायेगी। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सुधीर महतो पर भी आरोप लगाया कि सोनारी हवाई अड्डा के पीछे की जमीन पर कब्जा जमा रखे हैं जिस कारण उसका विस्तार नहीं हो पा रहा है तो उनके भाई ने कदमा बाजार में पार्क की जमीन पर कार्यालय बना रखा है। इसके अलावा गैरेज गांव के नाम पर जमीन का अतिक्रमण किया जा रहा है।