
पतरातू (रामगढ़)। झारखंड में प्रजातंत्र खतरे में है। देश का प्रजातंत्र ऐसे नहीं चलता है। झारखंड में जल्द से जल्द चुनाव हो और यहां प्रजातांत्रिक सरकार बने। उक्त बातें बीते रात पीटीपीएस स्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद के आवास पर पूर्व विदेशी मंत्री सह वर्तमान हजारीबाग के सांसद यशवंत सिन्हा पत्रकार सम्मेलन में बोल रहे थे। सांसद श्री सिन्हा ने कहा कि झारखंड में राज्यपाल विशुद्ध रूप से कांग्रेस पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इस राज्य में जहां राज्यपाल, मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रिगण भ्रष्टाचार के कार्याें में लिप्त हो। इस राज्य को कौन बचा सकता है। झारखंड के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए वादे फेल हो चुके हैं। सांसद ने झारखंड के लिए एक केंद्रीय मंत्री द्वारा किए गए चार वादों को गिनाते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने कहा था कि झारखंड में जल्दी से जल्दी चुनाव कराया जाएगा। माह अक्टूबर में चुनाव कराया जाएगा। चुनाव आयोग को पत्र लिखा जाएगा और विधानसभा को जल्दी से जल्द भंग किया जाएगा। सांसद श्री सिन्हा ने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार झारखंड के एक सितंबर से 25 सितंबर तक झारखंड बचाओ भाजपा लाओ अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रपति से मिलकर विधानसभा भंग करने एवं चुनाव कराने की मांग करेंगे। साथ ही अगर असंतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो 11 अक्टूबर को राजभवन का घेराव किया जाएगा।