
रांची। उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षा मित्रों ने भी अपनी हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर दी है। झारखंड शिक्षा मित्र संघ की गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में आयोजित बैठक में इस बाबत निर्णय लिया गया। बैठक में शिक्षा मित्रों ने कहा कि बच्चों के भविष्य के लिए स्कूलों में पठन-पाठन बाधित नहीं होना चाहिए, इसलिए हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि झारखंड सहयोगी शिक्षा मित्र पारा शिक्षक संघ द्वारा आंदोलन के चरम में हड़ताल समाप्त करने को शिक्षा मित्रों ने एक स्वर से निंदा हुई। कहा गया कि पंद्रह सौ रुपये की बढ़ोत्तरी की बात आंदोलन के पहले ही कही गई थी। फिर इस तरह के आंदोलन व हड़ताल-अनशन का ड्रामा क्यों किया गया? संघ के अध्यक्ष ब्रजमोहन पाठक ने कहा कि झारखंड सहयोगी शिक्षा मित्र पारा शिक्षक संघ के नेताओं ने प्रदेश के पारा शिक्षकों व शिक्षा मित्रों के साथ धोखा किया। बैठक में अनंत कुमार भंडारी, संजय कुमार महतो, सुदर्शन सिंह, गोपीनाथ सिंह आदि भी उपस्थित थे।